नुक्कड़ द्वारा होली के अवसर पर एक्सक्लूजिव सनसनीखेज पेशकश

विश्वस्त सूत्रों से समाचार मिला है कि इस होली पर एक मार्च को होली के दिन प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आने वाली मोबाइल फोन काल अटैंड करने पर उसमें से रंगों की इन्द्रधनुषीय फौहार छूटेगी जो कि कॉल सुनने वाले के गाल के साथ-साथ अपनी अद्भुतता से मन को भी रंग देगी। जैसा कि जानकारी मिली है, के अनुसार समस्त दूरसंचार कंपनियों ने होली के अवसर को अविस्मरणीय बनाने के लिए तकनीकी सुविधायुक्त ऐसा तालमेल बिठाया है कि कहीं से भी कॉल प्राप्त होने पर सामान्य मोबाइल फोन से भी अटैंड करने पर तुरंत रंगों की एक बौछार फोन सुनने वाले के चेहरे पर रंगों की रंगभरी बारिश कर देगी जिससे चेहरा पूरी तरह होली के रंग में रंग जाएगा। इस सुविधा के लिए किसी सुविधा को सक्रिय करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा ऑटोमैटिक पद्धति से प्रात: 9 बजे देश के सभी मोबाइल फोन उपकरणों में सक्रिय हो जाएगी और दोपहर 1 बजे स्वयं ही निष्क्रिय हो जाएगी।
यह जानकारी इसलिए दी जा रही है कि जब आपका मोबाइल फोन होली के इस उत्सव में शामिल हो रहा होगा तो आप उपकरण की खराबी समझकर कहीं उसे फोन के डॉक्टर की तलाश में न चल दें। मजे की बात तो यह भी है कि इस प्रकार रंगीन पानी के होली के दिन चार घंटों के लिए प्रत्येक काल अटैंड करने पर निकलने पर भी आपके मोबाइल फोन उपकरण को कोई क्षति नहीं पहुंचेगी। इसलिए आप निश्चिंत होकर अपने मोबाइल फोन को अपने साथ होली खेलने दे सकते हैं।
माना जा रहा है कि इस सुविधा की जानकारी पाने पर आपके पास उन चार घंटों में लगातार फोन कॉल आ सकती हैं। इस खबर के आने से देश-विदेश की पिचकारी और गुब्बारा विक्रेताओं कंपनियों की जान सांसत में फंस गई है क्योंकि यदि यह जानकारी सबके पास पहुंच जाती है तो पिचकारी और गुब्बारों की बिक्री में बेतहाशा गिरावट आ जाएगी।
एक तो पहले ही बजट और नकली रंगों के आने से दुकानदार त्रस्त हैं उस पर इस खबर ने उनकी होली को बेरंग और पानीदार बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। दूरसंचार कंपनियों की तकनीकी में खोज के इस आविष्कार ने सबके चेहरे खिला दिए हैं। समाचार मिल रहे हैं कि होली के दिन प्रकाशित होने वाले सभी समाचार पत्रों में यह खबर मुख्य पेज पर मेन खबर के तौर पर प्रकाशित होगी।
दूरसंचार कंपनियों ने पहले ही कॉल दरों में जंग छेड़ कर कई क्षेत्रों में सनसनी मचा रखी है। इस हैरतअंग्रेज खबर से हर हिन्दी प्रेमी ने खुशी जतलाई है।
विशेष सूचना : कैमरायुक्त मोबाइल फोन से रंगों की बौछार छूटने के साथ एक चित्र भी तुरंत खिंच जाएगा।





















